इंदौर. कोराेना वायरस के संक्रमण को लेकर मप्र में अलर्ट है। घर-घर जाकर चीन से लौटे यात्रियों को ढूंढा जा रहा है और उन्हें मास्क आदि उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इंदौर में अब तक 20 यात्रियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। पांच मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। दो की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। तीन की रिपोर्ट मिलना बाकी है।
प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूर्णिमा गडरिया ने बताया एहतियातन स्टाफ की छुट्टियां निरस्त कर दी गई है। भोपाल से हमें 74 यात्रियों की सूची मिली है। यह सब एक माह के भीतर चीन व अन्य प्रभावित देशों की यात्रा कर लौटे हैं। इनमें से छह लोगों ने एमवायएच में रिपोर्ट किया है। कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए जाने पर इन्हें घर में ही आइसोलेशन में रहने के लिए कहा है। 68 यात्रियों की सूची चारों जोन प्रभारियों को दे दी गई है। रोस्टर के अनुसार 24 घंटे कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। कोई भी व्यक्ति 0731-2537253 पर संपर्क कर सकता है या राज्य शासन के टोल फ्री 104 नंबर पर भी संपर्क कर सकता है। 18 प्राइवेट अस्पतालों में भी जांच की सुविधा है। एमवायएच, पीसी सेठी अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। अब तक सिर्फ एमवायएच में ही कोरोना संक्रमण की आशंका में यात्रियों को रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के आइसोलेशन वार्ड में अब तक किसी भी यात्री को नहीं रखा गया है।
यह सावधानी रखें
- चीन या प्रभावित देशों के यात्री 14 दिन तक घर पर ही खुले हवादार स्थान में रहें।
- मास्क हर समय पहनें। एन-95 मास्क अस्पताल द्वारा दिया जाएगा। मास्क या कपड़ा प्रत्येक 6 घंटे में बदलें।
- हाथ मिलाने या अन्य लोगों के संपर्क में आने से बचें।
- घर के सदस्य थ्री-लेयर मास्क लगाएं।